Punjabi News

पंजाब में ED की बड़ी कार्रवाई! Ludhiana सहित कई स्थानों पर Raid

11

लुधियाना (सेठी/गणेश): महानगर में बुधवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब प्रवर्तन निदेशालय (ED) सहित केंद्रीय एजेंसी की टीमों ने फिरोजपुर रोड स्थित ग्रीन सिटी इलाके में कारोबारी जतिंदर सचदेवा के ठिकानों पर दबिश दी। सूत्रों के अनुसार टीम ने सुबह-सुबह घर, कार्यालय और अन्य परिसरों में जांच शुरू की तथा कारोबारी लेन-देन और दस्तावेजों को लेकर पूछताछ की।

जानकारी के मुताबिक कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने कई अहम दस्तावेज, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और कारोबारी रिकॉर्ड अपने कब्जे में लिए हैं। बताया जा रहा है कि जांच का दायरा कारोबारी नेटवर्क और वित्तीय लेन-देन से जुड़ा हुआ है। हालांकि एजेंसी की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। सूत्रों का कहना है कि केंद्रीय एजेंसी ने शहर के अन्य संबंधित ठिकानों पर भी एक साथ छापेमारी की, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। अचानक केंद्रीय एजेंसी की गाड़ियों के पहुंचने से ग्रीन सिटी क्षेत्र में लोगों की भीड़ जमा हो गई और कारोबारी जगत में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया।

गौरतलब है कि करीब 25 दिन पहले पंजाब के पूर्व कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा के ठिकानों पर भी ED ने रेड की थी। इसके बाद उनके करीबी नीरज सतीजा समेत अन्य सहयोगियों और संबंधित फर्मों की भी जांच की गई थी। ED को कथित मनी लॉन्ड्रिंग, फर्जी निर्यात बिलिंग, यू.ए.ई. से फंड की राउंड-ट्रिपिंग तथा गैर-मौजूद जी.एस.टी. फर्मों के जरिए फर्जी खरीदारी दिखाने जैसे मामलों में संदेह है। सूत्रों के अनुसार वर्तमान कार्रवाई को भी उसी जांच श्रृंखला से जोड़कर देखा जा रहा है। माना जा रहा है कि एजेंसी वित्तीय लेन-देन और कारोबारी संबंधों की कड़ियों को खंगाल रही है। फिलहाल जांच जारी है और एजेंसी की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार किया जा रहा है।