कुल्लू (संजीव जैन)। नशा तस्करों के खिलाफ अपनी मुहिम को तेज करते हुए स्पेशल टास्क फोर्स कुल्लू की टीम ने मंडी जनपद के बिंद्राबनी में एक बड़ी सफलता हासिल की है। टीम ने नाकाबंदी के दौरान एक कार सवार युवक को 407 ग्राम चरस के साथ रंगे हाथों दबोचा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, बीती रात को STF कुल्लू की टीम ने मंडी के बिंद्राबनी फोरलेन के पास विशेष नाका लगाया था।
इस दौरान पंजाब नंबर की एक कार (PB 01A-7980) को जांच के लिए रोका गया। जब टीम ने कार की बारीकी से तलाशी ली, तो उसमें सवार व्यक्ति के कब्जे से 407 ग्राम चरस बरामद हुई। आरोपी की पहचान नविंदर धुप्पर, निवासी महाराष्ट्र के रूप में हुई है।
मामले की जानकारी देते हुए STF कुल्लू के डीएसपी हेमराज वर्मा ने पुष्टि की है कि आरोपी के खिलाफ पुलिस थाना सदर, मंडी में NDPS अधिनियम के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और पुलिस अब इस बात की छानबीन कर रही है कि चरस की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसका मुख्य गंतव्य क्या था।
डीएसपी हेमराज वर्मा ने स्पष्ट किया कि नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ STF की इस प्रकार की कठोर कार्रवाई भविष्य में भी जारी रहेगी। फिलहाल मंडी पुलिस मामले की आगामी तफ्तीश कर रही है।















