Punjabi News

गैंगस्टरां ते वार का 93वां दिन: पंजाब पुलिस द्वारा 557 स्थानों पर छापेमारी; 252 गिरफ्तार

12

– पुलिस टीमों ने 73 व्यक्तियों के खिलाफ की एहतियातन कार्रवाई, 85 को पूछताछ के बाद रिहा किया

– लोग एंटी-गैंगस्टर हेल्पलाइन नंबर 93946-93946 के जरिए गुप्त रूप से गैंगस्टरों के बारे में रिपोर्ट कर सकते हैं

– युद्ध नशेयां विरुद्ध के 418वें दिन 2.3 किलो हेरोइन समेत 79 नशा तस्कर गिरफ्तार

चंडीगढ़:मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देशों के तहत शुरू की गई निर्णायक मुहिम ‘गैंगस्टरां ते वार’ के 93वें दिन पंजाब पुलिस ने आज पूरे राज्य में गैंगस्टरों के साथियों के चिन्हित और मैप किए गए 557 ठिकानों पर छापेमारी की।

उल्लेखनीय है कि ‘गैंगस्टरां ते वार’ पंजाब को गैंगस्टर मुक्त राज्य बनाने के लिए एक निर्णायक जंग है, जिसकी शुरुआत 20 जनवरी, 2026 को पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव द्वारा की गई थी। एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) पंजाब के तालमेल से सभी जिलों की पुलिस टीमें पूरे राज्य में विशेष अभियान चला रही हैं।

उन्होंने बताया कि 93वें दिन पुलिस टीमों ने तीन हथियारों समेत 252 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया, जिससे इस अभियान की शुरुआत से अब तक कुल गिरफ्तारियों की संख्या 23,392 हो गई है।

इसके अलावा 73 व्यक्तियों के खिलाफ एहतियातन कार्रवाई की गई, जबकि 85 व्यक्तियों को जांच और पूछताछ के बाद छोड़ दिया गया। पुलिस टीमों ने कार्रवाई के दौरान छह भगोड़े अपराधियों को भी गिरफ्तार किया।

लोग एंटी-गैंगस्टर हेल्पलाइन नंबर 93946-93946 के माध्यम से गुप्त रूप से वांछित अपराधियों और गैंगस्टरों से संबंधित जानकारी दे सकते हैं तथा अपराध और आपराधिक गतिविधियों के बारे में सूचना भी साझा कर सकते हैं।

इस दौरान पुलिस टीमों ने नशों के खिलाफ अपनी मुहिम ‘युद्ध नशेंया विरुद्ध’ के 418वें दिन आज 79 नशा तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 2.3 किलो हेरोइन, 3 किलो भुक्की, 3580 नशीली गोलियां/कैप्सूल और 13,000 रुपये की ड्रग मनी बरामद की। इसके साथ ही केवल 418 दिनों में गिरफ्तार किए गए कुल नशा तस्करों की संख्या 60,334 हो गई है। नशा छुड़ाओ अभियान के तहत पंजाब पुलिस ने आज 26 व्यक्तियों को नशा मुक्ति और पुनर्वास उपचार करवाने के लिए राजी किया।