नेशनल डेस्क: दिल्ली की ऐतिहासिक दीवारों के पास सोमवार की शाम अचानक सन्नाटा पसरा, जब एक चलती कार में तेज धमाका हुआ। ठीक लाल बत्ती पर रुकी यह गाड़ी कुछ ही पलों में आग की लपटों में घिर गई और आसपास खड़ी कई गाड़ियां भी उसकी चपेट में आ गईं। घटना ने न सिर्फ आसपास मौजूद लोगों को झकझोर दिया, बल्कि पूरे शहर में सुरक्षा एजेंसियों को हाई अलर्ट पर ला दिया।
दिल्ली पुलिस आयुक्त सतीश गोलचा ने इस हादसे पर कहा कि यह “साधारण धमाका नहीं था।” उन्होंने बताया कि शाम करीब 6 बजकर 52 मिनट पर यह विस्फोट हुआ। उनके मुताबिक, गाड़ी की रफ्तार बहुत धीमी थी और जैसे ही वह सिग्नल पर रुकी, धमाका हुआ जिससे आसपास के वाहनों को नुकसान पहुंचा। पुलिस कमिश्नर ने बताया कि मौके पर एफएसएल, एनआईए और अन्य जांच एजेंसियां पहुंच चुकी हैं, और हर पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि घटना में कई लोगों की जान गई है और कुछ गंभीर रूप से घायल हैं। सभी घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जबकि पुलिस इलाके को घेरकर सबूत जुटाने में लगी है।
सूत्रों के मुताबिक, गृह मंत्री अमित शाह ने तुरंत दिल्ली पुलिस से पूरी जानकारी मांगी है और स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस विस्फोट को लेकर गृह मंत्री से बात की है।
स्थानीय लोगों के लिए यह हादसा किसी डरावने सपने से कम नहीं था। एक चश्मदीद ने बताया, “ऐसा लगा मानो धरती फट गई हो, हम सबको लगा कि अब शायद हम बच नहीं पाएंगे।”




















