नेशनल डेस्क: आम आदमी पार्टी से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आई है। पार्टी के कुरुक्षेत्र से विधायक हरमीत सिंह पुलिस हिरासत से फरार हो गए हैं। इस नेता पर रेप का आरोप है, जिसके चलते उनकी गिरफ्तारी हुई थी। सामने आई जानकारी के अनुसार पुलिस जब आरोपी को ले जा रही थी, तब उसके साथियों द्वारा फायरिंग की गई। इस हमले के दौरान विधायक अपनी स्कॉर्पियो कार से फरार होने में कामयाब रहे। इस घटना ने पंजाब की भगवंत मान सरकार के लिए एक बड़ी चुनौती खड़ी कर दी है।
फरार होने की पूरी कहानी
जब पुलिस उन्हें स्थानीय थाने ले जा रही थी, तभी पठानमाजरा और उनके साथियों ने पुलिस पर हमला कर दिया। इस दौरान फायरिंग भी हुई, जिसमें एक पुलिसकर्मी घायल हो गया। फायरिंग की आड़ में विधायक ने एक पुलिसकर्मी पर अपनी कार चढ़ा दी और फरार हो गए। पुलिस ने उनके साथियों की एक फॉर्च्यूनर कार जब्त कर ली है, लेकिन विधायक अपनी स्कॉर्पियो गाड़ी से फरार हो गए। पुलिस अब उनकी तलाश में जुटी हुई है।
दिल्ली टीम पर लगाया था आरोप
विधायक हरमीत सिंह फरार होने से पहले ही लगातार अपनी ही सरकार पर निशाना साध रहे थे। उन्होंने फेसबुक पर एक वीडियो जारी कर आरोप लगाया था कि “दिल्ली AAP टीम पंजाब पर राज कर रही है और उनकी आवाज को दबाने की कोशिश कर रही है।” हाल ही में उन्होंने पंजाब सरकार की बाढ़ राहत कार्यों की आलोचना भी की थी, जिसके बाद उनकी सुरक्षा हटा ली गई थी।
पंजाब की राजनीति में भूचाल
इस घटना ने पंजाब की राजनीति में भूचाल ला दिया है। एक विधायक का पुलिस हिरासत से फरार होना और उस पर अपनी ही सरकार के खिलाफ आरोप लगाना, कई सवाल खड़े करता है। विधायक पर लगे रेप जैसे गंभीर आरोपों के बीच उनका यह कदम कानून व्यवस्था और सरकार की कार्यशैली पर भी सवाल उठा रहा है।


















