Punjabi News

Chandigarh News: घटनास्थल के सामने लगे कैमरे खराब, आरोपी बचकर निकले

241

चंडीगढ़। सेक्टर-49 की विक्टोरिया एनक्लेव सोसाइटी के पास स्कूल से घर जा रहे 16 साल के छात्र पर हमला करने वाले तीन आरोपियों का कोई सुराग नहीं लग पाया है। पुलिस मौके के आसपास सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है, लेकिन मौके से करीब 50 मीटर दूर चौक पर लगे एचडी कैमरे खराब मिले हैं। इस कारण आरोपियों की स्पष्ट पहचान नहीं हो सकी। पुलिस फुटेज देखते-देखते बुड़ैल तक पहुंची, लेकिन अभी तक कुछ हाथ नहीं लग पाया। माना जा रहा है कि अगर सामने वाले कैमरे चालू होते हैं तो आरोपी शायद पुलिस की गिरफ्त में आ चुके होते। बताया जा रहा है कि हमलावर जिस दिशा से आए थे और उसी से वारदात कर भाग गए।

छात्र की हालत गंभीर

घायल छात्र शिवम की पीजीआई में हालत गंभीर बनी हुई है। उसके होश में आने के बाद पुलिस पीड़ित से बात कर जानने की कोशिश करेगी कि क्या उसकी किसी से रंजिश थी। साथ ही हमले का कारण और आरोपियों की पहचान जुटाने के लिए बात करेगी। वीरवार दोपहर करीब ढाई बजे एक्टिवा सवार तीन हमलावरों ने 11वीं कक्षा में पढ़ने वाले सेक्टर-49 निवासी छात्र शिवम सिंह पर चाकू से हमला कर दिया था। इस हमले में उसके पेट की आंत बाहर आ गई थी।