Punjabi News

Tibet Earthquake: तिब्बत में 7 तीव्रता का भूकंप, 16 लोगों की मौत, 54 घायल, 10 किमी गहराई में था केंद्र

9

तिब्बत में गुरुवार रात एक शक्तिशाली भूकंप आया। भूकंप की 7.0 तीव्रता मापी गई। भूकंप के कारण इलाके में जान-माल का भारी नुकसान हुआ है। अब तक मिली जानकारी के अनुसार, कम से कम 16 लोगों की मौत हो गई है और 54 अन्य घायल हुए हैं। घायलों में से 11 लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी (NCS) के अनुसार, यह भूकंप भारतीय समयानुसार गुरुवार रात 8:03 बजे आया। भूकंप का केंद्र तिब्बत की राजधानी ल्हासा से करीब 400 किलोमीटर दूर तिब्बत के नागकू क्षेत्र में जमीन से 10 किलोमीटर की गहराई पर था।

भूकंप आते ही पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। इमारतें और वाहन हिलने लगे। लोग अपने घरों और होटलों से बाहर निकलकर सुरक्षित जगहों की ओर भागने लगे। CCTV फुटेज में दुकानों के अंदर अलमारियों से सामान गिरते हुए देखा गया। उत्तरी क्षेत्र में स्थित नागकू शहर में भूकंप के कारण सैकड़ों घर ढह गए हैं।

पिछले पांच वर्षों में तिब्बत क्षेत्र में आया यह सबसे बड़ा भूकंप है। नगर प्रशासन के अधिकारियों का हवाला देते हुए, नागकू मीडिया कार्यालय ने बताया कि भूकंप के कारण कम से कम 339 घर ढह गए हैं। मलबे में फंसे लोगों को खोजने और बचाने के लिए बचाव अभियान चलाया जा रहा है। बेघर हुए लोगों को आश्रय देने के लिए टेंट भी लगाए जा रहे हैं।

बता दे कि तिब्बत दुनिया के उन इलाकों में शामिल है, जहां भूकंप आने का खतरा ज्यादा रहता है। जनवरी 2025 में तिब्बत के तिंगरी काउंटी में 7.1 तीव्रता का भूकंप आया था। इसमें तिब्बत में करीब 400 लोगों की मौत हुई थी, जबकि पड़ोसी नेपाल में 13 लोगों की जान गई थी। इसके झटके उत्तर भारत समेत दक्षिण एशिया के कई हिस्सों में महसूस किए गए थे।