Tehran: ईरान में महिलाओं के पहनावे और सार्वजनिक रूप से गायन पर लागू पाबंदियों को चुनौती देने वाली गायिका परस्तू अहमदी को 74 कोड़े मारे गए हैं। उनके साथ उनकी प्रस्तुति से जुड़े चार अन्य लोगों को भी इतनी ही सजा दी गई है। यह कार्रवाई 23 नवंबर को मध्य ईरान के क़ोम शहर में की गई। गायिका के वकील मुस्तफा नीली ने ईरानी समाचार वेबसाइट एम्तेदाद को इसकी जानकारी दी। अंतरराष्ट्रीय समाचार एजेंसी रॉयटर्स ने भी वकील के हवाले से इस खबर की पुष्टि की है। इस पूरे मामले की शुरुआत दिसंबर 2024 में सामने आए एक वीडियो से हुई थी। इसमें परस्तू अहमदी क़ोम के ऐतिहासिक दैर-ए-गचीन कारवां सराय में बिना हिजाब गाना गाती नजर आई थीं। उनके साथ पुरुष संगीतकार भी मौजूद थे। उन्होंने बिना दर्शकों वाले मंच पर लंबा गाउन पहनकर प्रस्तुति दी थी।
वीडियो उनके यूट्यूब चैनल पर प्रकाशित हुआ और सोशल मीडिया पर तेजी से फैल गया। इस प्रस्तुति को ऑनलाइन ‘काल्पनिक कॉन्सर्ट’ के नाम से भी जाना गया। ईरान में महिलाओं के लिए सार्वजनिक स्थानों पर हिजाब पहनना अनिवार्य है। इसके अलावा महिलाओं के सार्वजनिक गायन पर भी कड़ी पाबंदियां हैं। वीडियो सामने आने के बाद अहमदी और उनसे जुड़े लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। अदालत ने उन पर सार्वजनिक शालीनता भंग करने और इंटरनेट पर अश्लील तथा अनैतिक सामग्री तैयार कर प्रकाशित करने का आरोप लगाया। जून 2026 में अदालत ने पांचों को 74-74 कोड़े मारने की सजा सुनाई थी। बाद में अपील अदालत ने भी फैसला बरकरार रखा।
सजा के साथ दो साल की पाबंदी भी
वकील मुस्तफा नीली के अनुसार, परस्तू अहमदी के अलावा सोहेल फकीह नासिरी, अमीन ताहेरी, अमीरअली पिरनिया और मोहसेन लश्करी को भी 74-74 कोड़े मारे गए। पांचों पर दो साल तक संगीत और अन्य कलात्मक गतिविधियों में हिस्सा लेने पर रोक लगाई गई है। इसके साथ ही वे दो साल तक ईरान से बाहर यात्रा भी नहीं कर सकेंगे।
कौन हैं परस्तू अहमदी?
परस्तू अहमदी 29 वर्षीय फेमस ईरानी गायिका हैं। उनका जन्म अप्रैल 1997 में ईरान के नौशहर में हुआ था। उन्होंने सूरे विश्वविद्यालय से निर्देशन की पढ़ाई की है। वह पारंपरिक ईरानी संगीत और लोकधुनों के लिए जानी जाती हैं। इससे पहले भी उन्हें अपने गीतों और सांस्कृतिक गतिविधियों के कारण सुरक्षा एजेंसियों की पाबंदियों का सामना करना पड़ा था।
फिर चर्चा में हिजाब कानून
ईरान में हिजाब को लेकर विवाद लंबे समय से जारी है। वर्ष 2022 में 22 वर्षीय महसा अमीनी को कथित तौर पर ड्रेस कोड का उल्लंघन करने के आरोप में हिरासत में लिया गया था। हिरासत में उनकी मौत के बाद पूरे ईरान में बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन हुए। इसके बाद अनेक महिलाओं ने सार्वजनिक स्थानों पर हिजाब न पहनकर अनिवार्य ड्रेस कोड का विरोध किया। परस्तू अहमदी को दी गई सजा ने एक बार फिर ईरान में महिलाओं की व्यक्तिगत स्वतंत्रता, कला की अभिव्यक्ति और धार्मिक-सामाजिक नियमों के बीच टकराव को अंतरराष्ट्रीय चर्चा में ला दिया है। पश्चिमी देशों और मानवाधिकार संगठनों ने कोड़े मारने की सजा की आलोचना करते हुए इसे यातना और अंतरराष्ट्रीय कानून का उल्लंघन बताया है। वहीं ईरान अपने मानवाधिकार रिकॉर्ड पर होने वाली आलोचनाओं को खारिज करता रहा है।
















