Punjabi News

कल जवाबदेही भगवंत सिंह मान की तय होगी, न कि दिल्ली वालों की, यह बात याद रखें मुख्यमंत्री :सुनील जाखड़

85

 

चंडीगढ़, 30 जून: पंजाब भाजपा के अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार द्वारा लाई गई लैंड पूलिंग पॉलिसी को एक पोंज़ी स्कीम / चिट फंड स्कीम बताते हुए कहा है कि राज्य सरकार लोगों को गुमराह कर रही है। उन्होंने कहा कि लोगों को चार गुना मुनाफे का झूठा लालच देकर किसानों की जमीन हथियाई जा रही है।

यहां आज पत्रकारों से बातचीत करते हुए भाजपा राज्य अध्यक्ष ने कहा कि यह स्कीम पंजाब को लूटने के इरादे से तैयार की गई है। उन्होंने कहा कि सरकार के लोग गलत बयानी कर रहे हैं कि किसान से उसकी जमीन छीनी नहीं जाएगी, लेकिन जिस जमीन का नोटिफिकेशन हो गया, वह जमीन तो अब किसान बेच भी नहीं सकता। जब कोई मालिक अपनी जमीन बेच नहीं सकता, तो क्या यह उसके अधिकारों का हनन नहीं है।

उन्होंने कहा कि यह एक चिट फंड स्कीम जैसी योजना है, जिसका उद्देश्य अपने चहेते रियल एस्टेट के लोगों के माध्यम से कमीशनखोरी करना है। उन्होंने मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान और वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा को सावधान करते हुए कहा कि क्योंकि वे संवैधानिक पदों पर हैं और पंजाब के लोगों की हुई लूट के लिए उनकी जवाबदेही तय होनी है, जबकि जो लोग उनसे यह कारनामा करवा रहे हैं, वे तो सरकार बदलते ही बोरिया-बिस्तर समेट कर दिल्ली चले जाएंगे।

भाजपा राज्य अध्यक्ष ने कहा कि पंजाब में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बने तो यह सुनिश्चित किया जाएगा कि किसान की जमीन किसान की रहे।

एक अन्य सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि कुंवर विजय प्रताप सिंह एक उच्च पुलिस अधिकारी होने के बावजूद आम आदमी पार्टी के झांसे में आ गए और वे यह नहीं समझ सके कि जो लोग आतंकवादियों के घर रातें बिताते रहे हैं, वे पंजाब में किस तरह का बदलाव लाएंगे।

बिक्रम सिंह मजीठिया संबंधी पूछे गए सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि कौन सही है और कौन गलत है, इसका फैसला कोर्ट करेगा, लेकिन आप सरकार को सभी के खिलाफ एक समान कार्रवाई करनी चाहिए और चुन-चुनकर की गई कार्रवाई संदेह पैदा करती है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने विधानसभा में जिनके बारे में खड़े होकर कहा था कि उनके खिलाफ मुकदमे दर्ज किए जाएंगे, आज उनके खिलाफ कार्रवाई न होना यह दर्शाता है कि या तो पैर पकड़ लिए गए हैं या पैसे पकड़ लिए गए हैं।

सुनील जाखड़ ने कहा कि अभी भी समय है कि भगवंत सिंह मान पंजाब के प्रति अपनी जवाबदेही समझें। उन्होंने कहा कि यदि कार्रवाई करनी है तो सभी लोगों के खिलाफ की जाए और पंजाब के प्रति समर्पित होकर सरकार काम करे, न कि दिल्ली वालों के सामने घुटने टेक कर।