– लखनऊ में दिन दहाड़े ट्रीपल मर्डर से स्पष्ट, योगी राज में कानून व्यवस्था ध्वस्त- संजय सिंह
– दिल्ली की तरह अब उत्तर प्रदेश में भी सरेआम हत्याएं हो रही हैं- संजय सिंह
– भाजपा शासित राज्यों में कानून व्यवस्था तार-तार है, आए दिन मर्डर हो रहे- संजय सिंह
– विपक्षी राज्यों में एक घटना होने पर शोर मचाने वाली भाजपा अब चुप क्यों है?- संजय सिंह
नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में दिनदहाड़े तीन लोगों की निर्मम हत्या ने योगी सरकार में ध्वस्त कानून व्यवस्था की पोल खोल दी है। आम आदमी पार्टी के सांसद और यूपी प्रभारी संजय सिंह सोमवार को पीड़ित परिवार से मिलकर उनका दुख साझा किया और यूपी की बदहाल कानून व्यवस्था पर भाजपा पर तीखे हमले बोले। उन्होंने भाजपा और सीएम योगी आदित्यनाथ से कहा कि लखनऊ में दिन दहाड़े ट्रीपल मर्डर हो गया, आपकी कानून-व्यवस्था कहां है? दिल्ली की तरह ही अब उत्तर प्रदेश में भी सरेआम हत्याएं हो रही हैं। भाजपा शासित सभी राज्यों में कानून व्यवस्था तार-तार है और आए दिन मर्डर की घटनाएं हो रही हैं। उन्होंने भाजपा से पूछा कि विपक्ष शासित राज्यों में एक घटना होने पर शोर मचाने वाली भाजपा लखनऊ की घटना पर चुप क्यों है?
सोमवार को एक प्रेसवार्ता के दौरान संजय सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एक मजबूत कानून व्यवस्था की बात करते हैं और कहते हैं कि यूपी में अपराधी उनसे थर-थर कांपते हैं। किसी भी अपराधी की सिर उठाकर चलने की हिम्मत नहीं है। लेकिन इसी राजधानी लखनऊ के अंदर शिवा शर्मा का मामला हुआ और अब तीन लोगों की हत्या हो गई। श्रद्धा दुबे का मामला तो चल ही रहा था। लखनऊ के सआदतगंज इलाके में जमीन विवाद को लेकर रविवार रात से थाने में मामला चल रहा था और इसमें शिवा तिवारी, सूर्यांश तिवारी और शिवेंद्र तिवारी, की दिनदहाड़े हत्या कर दी गई। योगी जी की कानून व्यवस्था कहां है?
संजय सिंह ने कहा कि देश के गृह मंत्री अमित शाह तो पंजाब में कानून व्यवस्था ठीक करने जा रहे हैं। गौरव भाटिया दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहते हैं कि वे पंजाब में कानून व्यवस्था ठीक करेंगे। वहां कोई एक घटना हो जाती है, तो उसको लेकर ये लोग शोर मचाते हैं। लेकिन इनकी नाक के नीचे उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में दिनदहाड़े तीन-तीन हत्याएं हो गईं, इसका उनके पास कोई जवाब नहीं है। यह कौन सी कानून व्यवस्था है? उत्तर प्रदेश में लगातार एक के बाद दूसरी और दूसरी के बाद तीसरी हत्या की घटनाएं हो रही हैं, लेकिन भाजपा के लोगों का दिमाग सिर्फ चुनाव गड़बड़ी में चलता है।
संजय सिंह ने कहा कि अभी एमएलसी का चुनाव हुआ है, जिसमें एमएलसी प्रत्याशियों के साथ बदतमीजी और अभद्रता हुई है। गोरखपुर क्षेत्र से संजय त्रिपाठी चुनाव लड़ रहे हैं और वहां मतगणना के लिए अभय सिंह को ऑब्जर्वर बनाया गया है। अभय सिंह खनन माफियाओं से रिश्वत लेने के मामले में खुद सीबीआई जांच के दायरे में है और आरोपी है। ऐसे भ्रष्टाचार के आरोपी व्यक्ति को बैठाकर ये लोग मंगलवार की मतगणना में गड़बड़ी करना चाहते हैं, ऐसी हमें सूचना मिली है।



















