Punjabi News

अमृतसर में एम-16 राइफल, दो जिगाना पिस्तौल सहित 10 अत्याधुनिक हथियार बरामद; चार काबू

13

— पुलिस टीमों ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 15 किलोग्राम अफीम भी बरामद की

— गिरफ्तार आरोपी विदेशी तस्करों के माध्यम से अवैध हथियार प्राप्त कर रहे थे: डीजीपी गौरव यादव

— एक अन्य आरोपी की पहचान हुई; फरार आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस टीमों की छापेमारी जारी: आईजीपी गुरप्रीत भुल्लर

चंडीगढ़/अमृतसर: मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के दिशा-निर्देशों के तहत पंजाब को सुरक्षित राज्य बनाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के दौरान बड़ी सफलता हासिल करते हुए अमृतसर ग्रामीण पुलिस ने 15 किलोग्राम अफीम, एक अत्याधुनिक एम-16 राइफल, नौ अवैध पिस्तौल और 25 जिंदा कारतूसों सहित चार व्यक्तियों को गिरफ्तार करके अवैध हथियारों और नशा तस्करी के दो नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। यह जानकारी आज यहां पुलिस महानिदेशक (डीजीपी), पंजाब गौरव यादव ने दी।

पहले मामले में गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मलकीत सिंह उर्फ मीता (32), निवासी मंझ, अमृतसर और गुरजीत सिंह (32), निवासी सारंगड़ा, अमृतसर के रूप में हुई है। जबकि दूसरे मामले में गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमृतपाल सिंह (26) और सतनाम सिंह (29), दोनों निवासी गांव कक्कड़ कलां, अमृतसर के रूप में हुई है। पुलिस टीमों ने उनकी एचएफ-डीलक्स मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली है, जिसका इस्तेमाल वे आपराधिक गतिविधियों के लिए कर रहे थे।

डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि गिरफ्तार आरोपी विदेशी तस्करों के संपर्क में थे और अवैध हथियार प्राप्त करने में शामिल थे। उन्होंने कहा कि इस मामले के आगे-पीछे के सभी संबंधों का पता लगाने और इसमें शामिल अन्य व्यक्तियों की पहचान करने के लिए आगे की जांच जारी है।

पहले अभियान का विवरण साझा करते हुए पुलिस महानिरीक्षक (आईजीपी), बॉर्डर रेंज, गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि विश्वसनीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए थाना घरिंडा की पुलिस टीम ने मलकीत सिंह और गुरजीत सिंह को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान पुलिस टीमों ने उनके कब्जे से 15 किलोग्राम अफीम और अमेरिका में निर्मित एक संशोधित एम-16 राइफल बरामद की।

उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि मलकीत और गुरजीत दोनों के पास भारत-पाकिस्तान सीमा पर लगी कंटीली तार के साथ लगती लगभग 10-15 किल्ले कृषि भूमि है, जिसका इस्तेमाल वे सीमा पार से खेप प्राप्त करने के लिए कर रहे थे।

दूसरे अभियान के बारे में आईजीपी ने बताया कि विशेष प्रकोष्ठ की विशेष टीम ने दाना मंडी, लोपोके के निकट अमृतपाल सिंह और सतनाम सिंह को घेरकर मौके पर पांच विदेशी पिस्तौल बरामद किए, जबकि बाद में पूछताछ के दौरान चार और पिस्तौल बरामद किए गए, जिससे कुल बरामदगी नौ पिस्तौल और 25 जिंदा कारतूस हो गई।

अमृतसर ग्रामीण के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कंवलप्रीत सिंह चहल ने बताया कि बरामद किए गए नौ पिस्तौलों में दो जिगाना, छह .30 बोर और एक .32 बोर पिस्तौल शामिल हैं। उन्होंने बताया कि आरोपी अमृतपाल सिंह के खिलाफ पहले भी थाना छेहरटा में एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज है।

एसएसपी ने बताया कि उनके एक अन्य साथी की भी पहचान कर ली गई है और फरार आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस टीमें छापेमारी कर रही हैं।

इस संबंध में दो अलग-अलग मामले दर्ज किए गए हैं। पहला मामला थाना घरिंडा में एनडीपीएस अधिनियम की धारा 18-सी और 29 तथा शस्त्र अधिनियम की धारा 25(8) के तहत एफआईआर नंबर 424, दिनांक 29.09.2026 को दर्ज किया गया है, जबकि दूसरा मामला थाना लोपोके में शस्त्र अधिनियम की धारा 25(8) और भारतीय न्याय संहिता की धारा 61(2) के तहत एफआईआर नंबर 310, दिनांक 29.09.2026 को दर्ज किया गया है।