Punjabi News

इंडियन बैंक चालू वित्त वर्ष में 100 शाखाएं, 2,500 कर्मचारियों की भर्ती करेगा

8

चेन्नई: सार्वजनिक क्षेत्र का इंडियन बैंक चालू वित्त वर्ष में करीब 100 नई शाखाएं खोलने की योजना बना रहा है। बैंक का मुख्य ध्यान देश के मध्य और पश्चिमी हिस्सों में अपनी मौजूदगी बढ़ाने पर है।

इंडियन बैंक के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) बिनोद कुमार ने पीटीआई-भाषा से बातचीत में कहा कि बढ़ते कारोबार को संभालने और सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों की जगह भरने के लिए बैंक करीब 2,500 कर्मचारियों की भर्ती करेगा। इनमें विशेषज्ञ अधिकारी भी शामिल होंगे।

कुमार ने कहा, ‘‘पिछले साल हमने 100 शाखाएं खोली थीं। इस साल भी हमारी ऐसी ही योजना है। 15 अगस्त को स्थापना दिवस के अवसर पर ही बैंक ने देशभर में 15 शाखाओं का उद्घाटन किया।’’ भर्ती के बारे में उन्होंने कहा कि बैंक चालू वित्त वर्ष में अपने कर्मचारियों की संख्या में करीब 2,500 की बढ़ोतरी करेगा।