Punjabi News

‘आप’ सरकार श्री गुरु रविदास जी महाराज के ‘आदर्श समाज’ के सपने को साकार कर रही है: मुख्यमंत्री भगवंत मान

11
  • हमारी सरकार श्री गुरु रविदास जी महाराज के महान जीवन, दर्शन और शिक्षाओं को हर घर तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध: मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान
  • 100 करोड़ रुपये के बजट से पंजाब भर में व्यापक स्तर पर मनाया जा रहा है श्री गुरु रविदास जी महाराज का 650वां प्रकाश पर्व: मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान
  • श्री गुरु रविदास जी महाराज ने भक्ति आंदोलन के माध्यम से विभाजनकारी ताकतों को करारा जवाब दिया: मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान
  • पंजाब को बांटने के प्रयास करने वाली ताकतों को हर बार हार का मुंह देखना पड़ा है, लोग भविष्य में भी ऐसे हर प्रयास को विफल करेंगे: मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान
  • आइए, श्री गुरु रविदास जी महाराज के 650वें प्रकाश पर्व पर भेदभाव रहित समाज के निर्माण का संकल्प लें, जहां हर व्यक्ति के साथ सम्मानपूर्वक व्यवहार हो: मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान
  • मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान संगरूर में श्री गुरु रविदास जी महाराज के 650वें प्रकाश पर्व को समर्पित कीर्तन दरबार में शामिल हुए

संगरूर, 19 अगस्त: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने आज मस्तुआणा साहिब में श्री गुरु रविदास जी महाराज के 650वें प्रकाश पर्व को समर्पित कीर्तन दरबार में संगत के साथ माथा टेका और गुरु साहिब के महान जीवन, दर्शन एवं पवित्र शिक्षाओं को हर घर तक पहुंचाने के लिए अपनी सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि गुरु जी महाराज का भाईचारे, समानता और स्वाभिमान का सार्वभौमिक संदेश एक आदर्श समाज के निर्माण के प्रयासों में आम आदमी पार्टी (आप) की सरकार को लगातार मार्गदर्शन दे रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब भर में श्री गुरु रविदास जी महाराज का 650वां प्रकाश पर्व व्यापक स्तर पर मनाने के लिए 100 करोड़ रुपये आरक्षित किए गए हैं।

सर्वशक्तिमान परमात्मा से आशीर्वाद मांगते हुए मुख्यमंत्री मान ने पंजाब की चढ़दी कला, खुशहाली और प्रत्येक परिवार की तरक्की के लिए अरदास की। उन्होंने दोहराया कि सरकार सभी की भलाई तथा गुरु साहिबानों और शहीदों की महान विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए हमेशा प्रतिबद्ध रहेगी।

इस पवित्र समागम की कुछ झलकियां साझा करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने अपने एक्स हैंडल पर लिखा, “आज मुझे मस्तुआणा साहिब में श्री गुरु रविदास जी महाराज के 650वें प्रकाश पर्व को समर्पित विशाल कीर्तन दरबार में नतमस्तक होने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। गुरु साहिब का सर्वसांझीवालता और समानता का संदेश हमारी सबसे बड़ी ताकत है।”

उन्होंने अपनी पोस्ट के अंत में लिखा, “हमारी सरकार गुरु साहिबानों और शहीदों के गौरवशाली इतिहास को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयासरत है। गुरु घरों और प्रकाश पर्व समारोहों से संबंधित कार्यों के लिए सरकारी खजाने के दरवाजे हमेशा खुले रहेंगे। मैं वाहेगुरु के समक्ष अरदास करता हूं कि पंजाब हमेशा खुशहाल और चढ़दी कला में रहे तथा प्रत्येक परिवार अधिक से अधिक तरक्की करे।”

नगर कीर्तन के अवसर पर संगत को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा, “आज हम सभी के लिए बहुत ही शुभ दिन है, क्योंकि श्री गुरु रविदास जी महाराज का 650वां प्रकाश पर्व मनाने के लिए यह समागम आयोजित किया जा रहा है। हम सौभाग्यशाली हैं कि हमें यह सेवा निभाने का अवसर मिला है। कीर्तन समागम के दौरान रागी जत्थों ने श्री गुरु रविदास जी महाराज की पवित्र गुरबाणी का गायन कर संगत को निहाल किया।”

मुख्यमंत्री ने कहा, “इस समागम का मुख्य उद्देश्य गुरु साहिब के सामाजिक समानता और प्रभु भक्ति के पवित्र संदेश का अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार करना है। श्री गुरु रविदास जी महाराज ने अपना पूरा जीवन समाज के दबे-कुचले और हाशिए पर धकेले गए वर्गों के अधिकारों की आवाज बुलंद करने में लगा दिया तथा मानवता को जातिगत भेदभाव और सामाजिक असमानता जैसी कुरीतियों को समाप्त करने का संदेश दिया।”

मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा, “पंजाब सरकार की सोच ऐसे समागमों के माध्यम से युवा पीढ़ी को श्री गुरु रविदास जी महाराज की महान शिक्षाओं से जोड़ना है, ताकि वे समानता पर आधारित समाज के निर्माण में अपना योगदान दे सकें। उन्होंने कहा कि यह समागम सही अर्थों में श्री गुरु रविदास जी महाराज को विनम्र श्रद्धांजलि है।”

समाज के कमजोर और पिछड़े वर्गों की समस्याओं को दूर करने के लिए अथक मेहनत करने का प्रण लेते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, “हमारी सरकार गरीब से गरीब व्यक्ति की भलाई सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है, जिसके लिए कई अनूठी पहल की जा रही हैं। श्री गुरु रविदास महाराज जी ने सर्वत के भले और समाज के सभी वर्गों की समानता का संदेश दिया। उन्होंने ऐसे आदर्श और समस्याओं से मुक्त समाज की कल्पना की, जहां किसी को भी कोई दुख न झेलना पड़े।”

मुख्यमंत्री ने कहा, “मेरी सरकार श्री गुरु रविदास महाराज जी की शिक्षाओं और दर्शन पर आधारित समाज के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध है। श्री गुरु रविदास महाराज जी का जीवन और शिक्षाएं मानवता को समानता पर आधारित समाज बनाने की दिशा में मार्गदर्शन करती हैं। श्री गुरु रविदास महाराज जी समाज के गरीब और पिछड़े वर्गों के महान आध्यात्मिक मार्गदर्शक एवं मसीहा थे और उन्होंने हमें नेक तथा सदाचारी जीवन जीना सिखाया।”
उन्होंने कहा, “यह प्रकाश पर्व ऐसे समाज के निर्माण के कार्य के लिए स्वयं को समर्पित करने का अवसर है, जहां प्रत्येक मनुष्य बिना किसी भेदभाव के स्वाभिमान के साथ जीवन व्यतीत करे।”

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार श्री गुरु रविदास जी महाराज के 650वें प्रकाश पर्व को अभूतपूर्व ढंग से मना रही है। उन्होंने कहा, “हमारी सरकार सौभाग्यशाली थी कि हमें श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस को मनाने का अवसर मिला, जिसके लिए कई समागम आयोजित किए गए। इसी संदर्भ में श्री आनंदपुर साहिब की पवित्र धरती पर राज्य विधानसभा का विशेष सत्र भी आयोजित किया गया था।”

उन्होंने कहा, “अपनी शिक्षाओं के माध्यम से श्री गुरु रविदास जी महाराज ने जात-पात के भेदभाव और सामाजिक असमानता के खिलाफ बेबाकी से आवाज बुलंद की तथा मानवता को शांति, दया, समानता और सम्मान का मार्ग दिखाया। श्री गुरु रविदास जी महाराज का जन्म उस समय हुआ जब समाज जात-पात में बुरी तरह जकड़ा हुआ था और ऊंच-नीच तथा बड़े-छोटे के निराधार भेदों में बंटा हुआ था। समाज को बांटने का प्रयास करने वाली ताकतों के खिलाफ एक नवचेतना की लहर उठी, जो बाद में भक्ति आंदोलन के रूप में प्रसिद्ध हुई।”

मुख्यमंत्री ने कहा, “अपनी वाणी के माध्यम से श्री गुरु रविदास जी महाराज ने ऐसे वर्ग-विहीन समाज की कल्पना की थी, जिसमें कोई भी व्यक्ति वंचित न रहे। श्री गुरु रविदास जी महाराज ने लोगों को सामाजिक असमानताओं की खोखली धारणाओं को नकारने और पक्षपात को दूर करने का संदेश दिया।”

उन्होंने कहा, “पंजाब सरकार श्री गुरु रविदास जी महाराज के सपने के अनुसार खुशहाल और समानता पर आधारित समाज बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।”

मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने आगे कहा, “पंजाब की धरती बहुत उपजाऊ है और इस पर नफरत तथा वैर के अलावा कुछ भी उग सकता है। पंजाब उन महान गुरुओं, संतों और पैगंबरों की पवित्र धरती है, जिन्होंने हमें आपसी प्रेम और संतोष का रास्ता दिखाया।”

उन्होंने कहा, “इस भाईचारे और प्रेम की कड़ियों को तोड़ने के लिए कई लोगों ने प्रयास किए, लेकिन यह धरती पवित्र है, इसलिए ऐसे घृणित मंसूबे निष्फल साबित हुए।”

मुख्यमंत्री ने कहा, “पंजाब में भाईचारे, सद्भाव और शांति के बंधन बहुत मजबूत हैं, क्योंकि लोग सभी त्योहार मिल-जुलकर मनाते हैं। पंजाब धार्मिक सद्भाव की धरती है और यहां विभाजनकारी ताकतें कामयाब नहीं होंगी। पंजाबियों के सामाजिक संबंध बहुत मजबूत हैं और वे हमेशा अच्छे और बुरे समय में एक-दूसरे के साथ खड़े रहते हैं। इसलिए विभाजनकारी ताकतों के नापाक मंसूबे यहां कभी सफल नहीं हो सकते।”

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री हरपाल सिंह चीमा तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित थे।

भगवंत मान सरकार श्री गुरु रविदास जी महाराज के 650वें प्रकाश पर्व को वर्षभर चलने वाले कीर्तन समागमों, सेमिनारों, डॉक्यूमेंट्री शो, ड्रोन शो और शोभायात्रा के माध्यम से मना रही है

650वें प्रकाश पर्व समारोहों के तहत विभिन्न शहरों में विशेष कीर्तन समागम आयोजित किए जा रहे हैं। विश्वविद्यालयों में सेमिनार करवाए जा रहे हैं तथा पंजाब के सभी 13,000 गांवों में 50 मोबाइल वैन के माध्यम से डॉक्यूमेंट्री शो आयोजित किए जा रहे हैं। ड्रोन शो भी करवाए जा रहे हैं।