Delhi Police News: दिल्ली पुलिस ने ज़ब्त किए गए 1,452 किलोग्राम ड्रग्स को सोमवार को नष्ट कर दिया। इनकी अंतरराष्ट्रीय बाज़ार में कीमत लगभग 897 करोड़ रुपये आंकी गई है। पुलिस के अनुसार, ड्रग्स नष्ट करने का यह 10वां बड़ा कार्यक्रम GT करनाल रोड स्थित वेस्ट डिस्पोज़ल सेंटर में स्पेशल कमिश्नर ऑफ़ पुलिस H.G.S. धालीवाल और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में आयोजित किया गया।
पुलिस ने बताया कि नष्ट किए गए ड्रग्स में लगभग 1,010 किलोग्राम मेथामफेटामाइन, 135 किलोग्राम हेरोइन, 62 किलोग्राम चरस, 37 किलोग्राम गांजा, 16 किलोग्राम मेथाक्वालोन, 91 किलोग्राम पोस्ता, 70 किलोग्राम फेनिलप्रोपेनोन, 15 लाख से ज़्यादा ट्रामाडोल टैबलेट और 36,000 से ज़्यादा कोडीन सिरप की बोतलें आदि शामिल थीं।
धालीवाल ने कार्यक्रम में कहा कि इस ऑपरेशन का मकसद न केवल ज़ब्त किए गए ड्रग्स को नष्ट करना है, बल्कि ड्रग तस्करी के नेटवर्क को भी खत्म करना है।















