2025-01-17 11:27:09 ( खबरवाले व्यूरो )
अमेरिका में व्हाइट हाउस पर हमले की कोशिश में भारतीय नागरिक साई वर्शित कंडुला को गुरुवार को 8 साल की सजा सुनाई गई है। कुंडला ने 22 मई 2023 में किराए के ट्रक से हमले की योजना बनाई थी। उसे 13 मई 2024 को अमेरिकी संपत्ति को जानबूझकर नुकसान पहुंचाने के आरोप में दोषी ठहराया था।
पूछताछ में उसने बताया था कि वो सरकार पर कंट्रोल कर राष्ट्रपति जो बाइडेन को मारना चाहता था। इसके लिए 6 महीने से प्लानिंग कर रहा था। भारत के चंदनगर में जन्मा कंडुला अमेरिका का स्थायी निवासी था और उसके पास ग्रीन कार्ड था।न्याय विभाग के मुताबिक, इस हमले का उद्देश्य अमेरिका की लोकतांत्रिक रूप से चुनी गई सरकार को उखाड़ फेंककर नाजी विचारधारा से प्रेरित तानाशाही स्थापित करना था।
कोर्ट के दस्तावेजों के मुताबिक कुंडला ने 22 मई 2023 को सेंट लुइस से फ्लाइट के जरिए वॉशिगटन पहुंचा। शाम 5:20 बजे डलेस एयरपोर्ट पर लैंड होने के बाद उसने 6:30 बजे एक ट्रक किराए पर लिया। इसके बाद उसने डिनर किया और ट्रक में फ्यूल भरवाया।
इसके बाद कुंडला वॉशिंगटन डीसी की तरफ बढ़ा। रात 9:34 बजे उसने व्हाइट हाउस और राष्ट्रपति पार्क की सुरक्षा में लगे बैरियर से ट्रक टकरा दिया।
पहली बार टक्कर मारने के बाद उसने ट्रक को पीछे लिया और दोबारा कोशिश की। दूसरी कोशिश में ट्रक खराब हो गया और इंजन से धुआं निकलने लगा। अमेरिकी सीक्रेट सर्विस के अधिकारियों ने घटनास्थल पर ही कुंडला को गिरफ्तार कर लिया था।